मंगलवार, 28 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर//24 घंटे में लूट का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर लुटेरे ढेर नहीं, पैर में गोली लगने से घायल; लूटी गई कार और मोबाइल बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर//24 घंटे में लूट का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर लुटेरे ढेर नहीं, पैर में गोली लगने से घायल; लूटी गई कार और मोबाइल बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना ईकोटेक प्रथम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ऊबर कैब चालक से लूट की सनसनीखेज वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। यमुना पुस्ता स्थित एएमआर (AMR) के पीछे चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर लुटेरे पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों के कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोबाइल और अवैध हथियार बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, सोमवार 27 जुलाई 2026 को थाना ईकोटेक प्रथम पुलिस टीम यमुना पुस्ता एएमआर के पीछे संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर कार सवार बदमाश वाहन से उतरकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे घायल होकर मौके पर ही गिरफ्तार कर लिए गए।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान रमन शर्मा (22 वर्ष) पुत्र दिनेश शर्मा, निवासी ग्राम लपवाहा, थाना लहार, जिला भिंड (मध्य प्रदेश), वर्तमान पता करावल नगर, दिल्ली तथा अभिषेक सिंह (19 वर्ष) पुत्र प्रमोद सिंह, निवासी ग्राम मलपुरा, थाना लहार, जिला भिंड (मध्य प्रदेश), वर्तमान पता भौंडसी, गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार (HR55AZ0360), लूटा गया एक मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, दो अवैध .315 बोर तमंचे, दो जिंदा कारतूस तथा चार खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ऊबर ऐप के माध्यम से दिल्ली से दनकौर जाने के लिए कैब बुक की थी। यमुना एक्सप्रेस-वे पर पहुंचने के बाद उन्होंने चालक को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर उसकी स्विफ्ट डिजायर कार और मोबाइल फोन लूट लिया था। इस संबंध में पीड़ित चालक की शिकायत पर 26 जुलाई 2026 को थाना ईकोटेक प्रथम में मुकदमा संख्या 82/2026, धारा 309(4) एवं 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

घटना के खुलासे के लिए थाना ईकोटेक प्रथम पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और गोपनीय सूचना तंत्र का प्रभावी उपयोग किया। लगातार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर पूरी वारदात का सफल खुलासा कर दिया।

घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने इससे पहले अन्य राज्यों या जनपदों में भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।

इस सफल कार्रवाई को पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की अपराध नियंत्रण एवं त्वरित कार्रवाई की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।