गौतमबुद्धनगर: नोएडा में करोड़ों की अवैध दवाओं का भंडाफोड़: 2.48 करोड़ की जीवनरक्षक औषधियां जब्त, 'सरकारी आपूर्ति' वाली दवाएं भी मिलीं, एक गिरफ्तार!!
नोएडा | 22 जुलाई 2026
दो टूक//गौतमबुद्धनगर में अवैध रूप से दवाओं के भंडारण के खिलाफ की गई बड़ी कार्रवाई में संयुक्त टीम ने नोएडा के सेक्टर-76 स्थित एक फ्लैट से करीब 2.48 करोड़ रुपये मूल्य की जीवनरक्षक एवं उच्च मूल्य की औषधियां बरामद की हैं। बरामद दवाओं में कई ऐसी दवाएं भी शामिल हैं जिन पर "सरकारी आपूर्ति, बिक्री के लिए नहीं" अंकित था। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि जब्त दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।
औषधि निरीक्षक गौतमबुद्धनगर जयसिंह ने बताया कि यह कार्रवाई अंतरराज्यीय प्रकोष्ठ, अपराध शाखा, चाणक्यपुरी (नई दिल्ली) से प्राप्त सूचना और डीडीसी (आई), उत्तर जोन, गाजियाबाद के निर्देशों के अनुपालन में की गई। संयुक्त छापेमारी टीम में सीडीएससीओ उत्तर जोन, गाजियाबाद, अपराध शाखा, चाणक्यपुरी (नई दिल्ली) तथा औषधि विभाग गौतमबुद्धनगर के अधिकारी शामिल रहे।
संयुक्त टीम ने अमरापल्ली प्रिंसली एस्टेट, सेक्टर-76, नोएडा के फ्लैट संख्या जे-402 पर छापेमारी की। जांच के दौरान फ्लैट में आनंद कुमार, बसंत लाल वर्णवाल और प्रीति मौजूद मिले। जांच में खुलासा हुआ कि फ्लैट का उपयोग बड़े पैमाने पर तैयार औषधियों के अवैध भंडारण के लिए किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी मात्रा में गोलियां, कैप्सूल, इंजेक्शन, टीके, ह्यूमन एल्ब्यूमिन, इम्युनोग्लोबुलिन, रेबीज वैक्सीन, सर्पदंश एंटीसीरम (आई.पी.) सहित अन्य महंगी और महत्वपूर्ण जैविक औषधियां बरामद की गईं।
जांच में यह भी सामने आया कि कई दवाओं पर "सरकारी आपूर्ति, बिक्री के लिए नहीं" स्पष्ट रूप से अंकित था, जिससे इनके अनधिकृत कब्जे और संभावित दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा जिन दवाओं को 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तापमान पर सुरक्षित रखा जाना आवश्यक था, उन्हें सामान्य कमरे के तापमान पर रखा गया था, जिससे उनकी गुणवत्ता और प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार जब्त की गई सभी औषधियों का कुल मूल्य एमआरपी के आधार पर लगभग 2,48,66,658.31 रुपये आंका गया है। औषधि निरीक्षक गौतमबुद्धनगर ने जांच एवं विश्लेषण के लिए आठ औषधि उत्पादों के नमूने एकत्र किए हैं, जबकि आयातित दवाओं के नमूने सीडीएससीओ उत्तर जोन, गाजियाबाद द्वारा अलग से लिए जाएंगे।
कार्रवाई के दौरान आनंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। जब्त दवाओं एवं अन्य संबंधित सामग्री को विधिक प्रक्रिया के तहत कब्जे में लेकर मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का मानना है कि जांच के दौरान इस अवैध दवा नेटवर्क से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण खुलासे भी हो सकते हैं।
