मऊ :
घोसी में भाजपा का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन, 2027 चुनाव की रणनीति पर संगठन ने भरी हुंकार।
।।देवेन्द्र कुमार कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के घोसी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा द्वारा आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। सम्मेलन में नेताओं ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि प्रत्येक बूथ को सशक्त बनाकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित की जाए।
विस्तार :
जनपद लोकसभा घोसी के पूर्वांचल डिग्री कॉलेज, नदवासराय में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की घोसी विधानसभा इकाई की ओर से "बूथ अध्यक्ष सम्मेलन" आयोजित किया गया। "सशक्त बूथ–सशक्त भाजपा–सशक्त भारत" थीम पर हुए सम्मेलन में बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्षों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद वक्ताओं ने बूथ प्रबंधन, संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से अपने विचार रखे।
पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश मंत्री विजय राजभर ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बूथ स्तर के समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" के संकल्प के साथ प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना होगा। उन्होंने किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण और विकसित भारत के संकल्प पर भी अपने विचार रखे।
मुख्य अतिथि घनश्याम पटेल ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ को अपना परिवार मानकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत बूथ संगठन के बल पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक सफलता हासिल करेगी।
जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने भी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प दिलाया।
सम्मेलन के समापन पर कार्यकर्ताओं ने "चलो बूथ की ओर, जीतेंगे चुनाव–बनाएंगे विकसित भारत" का संकल्प दोहराते हुए संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद प्रताप सिंह, रामानुज सिंह, प्रीतूलता पांडेय, प्रतीक जायसवाल, रवीन्द्र उपाध्याय, संजय कुमार मौर्य, परमहंस राजभर, छोटू प्रसाद, नागेन्द्र मद्धेशिया, शिवप्रसाद चौरसिया, हिमांशु राय, दिनेश चौहान, लालमन प्रजापति, अंजनी सिंह, अतुल शर्मा, अतुल त्रिपाठी सहित विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नेता, मंडल अध्यक्ष, सेक्टर संयोजक एवं बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रामानुजन सिंह ने किया।
