गुरुवार, 9 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से तीन मजदूरों की मौत मामले का खुलासा: जेवर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चालक को दबोचा, हादसे में प्रयुक्त स्कॉर्पियो भी बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से तीन मजदूरों की मौत मामले का खुलासा: जेवर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चालक को दबोचा, हादसे में प्रयुक्त स्कॉर्पियो भी बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// जेवर। गौतमबुद्धनगर के जेवर क्षेत्र में तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। महज 24 घंटे के भीतर थाना जेवर पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हादसे में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार भी बरामद कर ली है। इस कार्रवाई को स्थानीय पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 की रात जेवर-खुर्जा मार्ग पर नीमका गांव के सामने सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन मजदूरों को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान करन (22), विश्वजीत (24) और मिथुन (25) के रूप में हुई, जो बिहार के अररिया जनपद के निवासी थे और क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करते थे।

घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया था। परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना जेवर में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया।

जांच के दौरान मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर थाना जेवर पुलिस ने 9 जुलाई को आरोपी दीपांशु पुत्र राम कुमार, निवासी ग्राम दस्तमपुर, थाना जेवर, गौतमबुद्धनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हादसे में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार (UP16FJ8000) भी बरामद कर ली।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना जेवर में मु0अ0सं0 243/2026 के तहत धारा 281 एवं 106(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मुकदमा दर्ज है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मृतकों के परिजनों को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।।