सोमवार, 20 जुलाई 2026

22 जुलाई को गौतमबुद्धनगर में लगेगी राज्य महिला आयोग की जनसुनवाई, महिलाओं की शिकायतों पर होगा मौके पर सुनवाई व निस्तारण!!

शेयर करें:

22 जुलाई को गौतमबुद्धनगर में लगेगी राज्य महिला आयोग की जनसुनवाई, महिलाओं की शिकायतों पर होगा मौके पर सुनवाई व निस्तारण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 20 जुलाई 2026। महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान और उन्हें न्याय दिलाने के उद्देश्य से राज्य महिला आयोग, उत्तर प्रदेश की ओर से गौतमबुद्धनगर में विशेष महिला जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। इस जनसुनवाई में महिलाओं की विभिन्न शिकायतों, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद, सामाजिक समस्याओं तथा अन्य महिला संबंधित मामलों की सुनवाई कर उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य महिला आयोग, उत्तर प्रदेश की माननीय सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला की अध्यक्षता में 22 जुलाई 2026 (बुधवार) को प्रातः 10:30 बजे विकास भवन सभागार, गौतमबुद्धनगर में महिला जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जनसुनवाई के दौरान जिले की महिलाएं अपनी व्यक्तिगत, पारिवारिक, सामाजिक एवं कानूनी समस्याओं से संबंधित शिकायतें सीधे राज्य महिला आयोग की सदस्य के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगी। प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी, ताकि पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध न्याय और राहत मिल सके।

जिला प्रोबेशन अधिकारी ने जनपद की महिलाओं एवं आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में जनसुनवाई में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के संरक्षण के लिए लगातार प्रयासरत है तथा ऐसी जनसुनवाई महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

यह जनसुनवाई महिलाओं को अपनी समस्याएं सीधे राज्य महिला आयोग के समक्ष रखने का प्रभावी मंच प्रदान करेगी, जिससे उनकी शिकायतों का निष्पक्ष एवं शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकेगा।