सोमवार, 20 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: फर्जी रजिस्ट्री के जरिए 3 करोड़ से अधिक की ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, जारचा पुलिस की बड़ी सफलता!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: फर्जी रजिस्ट्री के जरिए 3 करोड़ से अधिक की ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, जारचा पुलिस की बड़ी सफलता!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना जारचा पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री के माध्यम से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने करीब 3 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी शशिरंजन प्रसून को गिरफ्तार कर पूरे मामले की जांच को और मजबूत कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को थाना जारचा पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की सहायता से कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त शशिरंजन प्रसून पुत्र गया प्रसाद को लालकुआं, गाजियाबाद क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना जारचा में दर्ज कई मुकदमों में वह वांछित चल रहा था।

फर्जी दस्तावेज तैयार कर की करोड़ों की धोखाधड़ी

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी रजिस्ट्री और जाली दस्तावेज तैयार कर पीड़ितों को झांसे में लिया तथा 3 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी को अंजाम दिया। आरोपियों ने जमीन संबंधी दस्तावेजों में हेराफेरी कर लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया।

पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं 9 आरोपी

थाना जारचा पुलिस ने बताया कि इस हाई-प्रोफाइल ठगी मामले में पूर्व में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल एक और वांछित आरोपी की गिरफ्तारी से मामले के अन्य पहलुओं का भी खुलासा होने की संभावना है। पुलिस गिरोह के नेटवर्क और ठगी से जुड़े अन्य तथ्यों की गहन जांच कर रही है।

बिहार का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शशिरंजन प्रसून पुत्र गया प्रसाद, निवासी करमनटोला आरा, थाना नवादा, जिला भोजपुर (बिहार), उम्र लगभग 54 वर्ष के रूप में हुई है।

छह मुकदमों में था वांछित

आरोपी के खिलाफ थाना जारचा में दर्ज छह अलग-अलग मुकदमों (मु.अ.सं. 49/2026, 50/2026, 51/2026, 52/2026, 53/2026 एवं 76/2026) में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फर्जी रजिस्ट्री और जमीन से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों में शामिल अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस गिरफ्तारी को जमीन संबंधी फर्जीवाड़े पर प्रभावी कार्रवाई की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।।