शुक्रवार, 17 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: श्रावण शिवरात्रि और कांवड़ यात्रा-2026: डीएम सख्त, अधूरे इंतजाम पर अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: श्रावण शिवरात्रि और कांवड़ यात्रा-2026: डीएम सख्त, अधूरे इंतजाम पर अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही!!

 वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर। आगामी श्रावण शिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कांवड़ यात्रा मार्गों पर चल रहे कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी विभाग ने समय पर कार्य पूरा नहीं किया या अनुपालन रिपोर्ट नहीं सौंपी, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक में खेरली नहर, जारचा-समाना रोड, एनएचएआई जीटी रोड, लाल कुआं-दादरी मार्ग तथा समतल चौकी समेत प्रमुख कांवड़ यात्रा मार्गों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सड़क मरम्मत, गड्ढों को भरने, झाड़ियों की सफाई, जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान, अतिक्रमण हटाने, यातायात प्रबंधन, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के बावजूद कुछ विभागों ने अब तक अपनी अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को निर्देश दिए कि सभी तहसीलों के अंतर्गत कांवड़ मार्गों पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर हुई कार्रवाई की अद्यतन रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सभी प्राधिकरण और संबंधित विभाग अपने-अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत करें।

जारचा-समाना रोड पर लंबित व्यवस्थाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल-1 को समतल चौकी ग्रेटर कट पर किए गए कार्यों की स्थिति से अवगत कराने और लोक निर्माण विभाग को खेरली नहर पुल, दनकौर पर बैरिकेडिंग एवं दिशा-सूचक साइन बोर्ड लगाने का कार्य प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया।

लाल कुआं-दादरी जीटी रोड पर जलभराव की समस्या को लेकर एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि चिन्हित स्थानों पर चार डी-वाटरिंग टैंक तैनात किए गए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से सभी डी-वाटरिंग टैंकों के चालकों का विवरण, वाहन नंबर तथा तैनाती स्थलों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा मार्गों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर शेष कमियों को तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं पहले से ही पूरी तरह दुरुस्त रहनी चाहिए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाएगी। यदि किसी विभाग की लापरवाही सामने आती है या निर्धारित समय के भीतर कार्य पूरे नहीं होते हैं, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी रजनीकांत मित्तल, ओएसडी नोएडा इन्दु प्रकाश सिंह, दादरी की अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता सहित सिंचाई विभाग, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।