मऊ :
कोपागंज के अमन मौर्य ने नीट-2026 में रचा सफलता का इतिहास,ऑल इंडिया रैंक 11786 हासिल कर मऊ का बढ़ाया गौरव।
।।संवाददाता : देवेन्द्र कुमार कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागंज क्षेत्र पुराना कोपागंज निवासी अमन मौर्य ने नीट-2026 परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 11786 तथा ओबीसी वर्ग में 5338वीं रैंक प्राप्त कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों, मित्रों और पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
विस्तार :
बताते चले कि - अमन, बीना मौर्य एवं जितेंद्र मौर्य के सुपुत्र हैं। उन्होंने हाईस्कूल की शिक्षा अमृत पब्लिक स्कूल, मऊ तथा इंटरमीडिएट की शिक्षा सेंट जेवियर्स स्कूल, घोसी से उत्कृष्ट अंकों के साथ पूरी की। इसके बाद ऑनलाइन माध्यम से नीट-2026 की तैयारी कर सीमित संसाधनों के बावजूद अनुशासित अध्ययन और कठिन परिश्रम के बल पर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की।
दो टूक मीडिया से विशेष बातचीत में अमन मौर्य ने बताया कि उनकी सफलता के पीछे माता-पिता का अटूट विश्वास, प्रेरणा और निरंतर सहयोग सबसे बड़ी शक्ति रहा। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी परिवार ने उनका मनोबल कभी टूटने नहीं दिया, जिससे वे पूरे समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहे।
नीट की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए संदेश देते हुए अमन ने कहा, "सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अध्ययन, सही रणनीति, धैर्य और आत्मविश्वास के साथ की गई मेहनत निश्चित रूप से सफलता दिलाती है। कभी निराश न हों और अपने लक्ष्य पर पूरा विश्वास रखें।"
अमन ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपनी माता बीना मौर्य और पिता जितेंद्र मौर्य को देते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद, त्याग और मार्गदर्शन ने उन्हें हर चुनौती का सामना करने की शक्ति प्रदान की।
अमन के दादा स्वर्गीय शिवपाल मौर्य भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे। परिवार में शिक्षा, अनुशासन, देशभक्ति और संस्कारों की परंपरा ने अमन के व्यक्तित्व को मजबूत आधार दिया है।
अमन मौर्य की इस सफलता पर क्षेत्र के शिक्षकों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों तथा शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उनकी उपलब्धि मऊ जिले के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है और यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर परिश्रम और परिवार का सहयोग किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल करने की सबसे बड़ी कुंजी है।
