गौतमबुद्धनगर: मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के नए सत्र की शुरुआत, 170 में से 60 मेधावी छात्रों का चयन; नोएडा में ओरिएंटेशन क्लास आयोजित!!
दो टूक//नोएडा, 15 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत गौतमबुद्धनगर में शैक्षिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ बुधवार को सेक्टर-37 स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पुस्तकालय परिसर में संचालित अभ्युदय केंद्र पर ओरिएंटेशन क्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में चयनित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुशासित, समर्पित और लक्ष्य केंद्रित अध्ययन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, डॉ. भीमराव अंबेडकर पुस्तकालय के संरक्षक गणेश जाटव सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिसके माध्यम से वे विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष अभ्युदय केंद्र में प्रवेश के लिए 170 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 60 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जबकि ओरिएंटेशन कार्यक्रम के पहले दिन 42 चयनित छात्र-छात्राओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
ओरिएंटेशन सत्र के दौरान विषय विशेषज्ञ उदय प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की प्रभावी रणनीति, समय प्रबंधन, अध्ययन की सही पद्धति तथा नियमित अभ्यास के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास को सफलता की कुंजी बताते हुए लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रेरित किया।
अधिकारियों ने बताया कि अभ्युदय केंद्र पर नियमित कक्षाओं का संचालन आगामी सोमवार से शुरू किया जाएगा। यहां विद्यार्थियों को अनुभवी विषय विशेषज्ञों द्वारा निःशुल्क मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को आईएएस, पीसीएस, एनडीए, सीडीएस, जेईई, नीट, एसएससी, बैंकिंग सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराना है। गौतमबुद्धनगर में नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत के साथ चयनित विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।।
