गुरुवार, 23 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: पुलिस बूथ के पास दिनदहाड़े महिला से चेन स्नैचिंग, 16 दिन बाद दर्ज हुई FIR; नोएडा की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: पुलिस बूथ के पास दिनदहाड़े महिला से चेन स्नैचिंग, 16 दिन बाद दर्ज हुई FIR; नोएडा की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। देश के सबसे हाईटेक शहरों में शुमार नोएडा में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। थाना सेक्टर-20 क्षेत्र में पुलिस बूथ के नजदीक दिनदहाड़े एक महिला से सोने की चेन और हीरे का पेंडेंट लूटने की वारदात ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। इतना ही नहीं, पीड़िता की शिकायत के बावजूद पुलिस ने इस मामले में करीब 16 दिन बाद मुकदमा दर्ज किया, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है।

जानकारी के अनुसार, 5 जुलाई की सुबह सेक्टर-29 निवासी स्वाति अग्रवाल जैन खरीदारी के लिए गंगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की ओर जा रही थीं। जैसे ही वह थाना सेक्टर-20 क्षेत्र स्थित गंगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के सामने पहुंचीं, तभी बाइक पर सवार दो बदमाश तेजी से आए और झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन और हीरे का पेंडेंट छीनकर फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

घटना स्थल पुलिस बूथ के बेहद करीब होने के बावजूद बदमाश आसानी से फरार हो गए। इससे इलाके में पुलिस की सक्रियता और अपराधियों के बढ़ते हौसलों को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस की नियमित गश्त और निगरानी प्रभावी होती तो ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि पीड़िता की शिकायत के बाद भी पुलिस ने 16 दिन तक मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद एफआईआर दर्ज होने से पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू करने का दावा किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और बाइक सवार बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब पुलिस बूथ के पास ही महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो शहर के अन्य इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का क्या हाल होगा। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और शहर में चेन स्नैचिंग जैसी वारदातों पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।