मऊ :
पुलिस ने महिला का खोया हैण्ड बैग बरामद कर किया सुपुर्द,बैग पाकर बोली थैंक्यू।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : जनपद के घोसी पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई का एक सराहनीय उदाहरण सोमवार को देखने को मिला जब टेम्पो में छूटा एक महिला का बैग पुलिस ने कुछ ही घंटों में खोजकर उसे सकुशल वापस दिला दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चंदा विश्वकर्मा पत्नी मनोज विश्वकर्मा निवासी बरहज, जनपद देवरिया अपने घर से कोपागंज होते हुए मायके घोसी आ रही थीं। दोपहर करीब 12 बजे घोसी-मधुबन मोड़ तिराहे पर वह टेम्पो से उतर गईं। जल्दबाजी में उनका बैग टेम्पो में ही छूट गया जिसमें कपड़े, गहने एवं अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था।
कुछ देर बाद बैग गायब होने का एहसास होने पर महिला के होश उड़ गए। परेशान महिला तत्काल घोसी कोतवाली पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक राजेंद्र कुमार एवं कांस्टेबल विराट पटेल हरकत में आ गए। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए टेम्पो और उसके चालक की तलाश शुरू की।
लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने संबंधित टेम्पो चालक को खोज निकाला और बैग बरामद कर लिया। इसके बाद महिला की मौजूदगी में बैग की जांच कराई गई जिसमें रखे कपड़े, गहने और अन्य सामान पूरी तरह सुरक्षित मिले। पुलिस ने बैग महिला को सुपुर्द कर दिया।
अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर महिला ने घोसी पुलिस का आभार जताया। वहीं क्षेत्र में पुलिस की इस तत्परता और ईमानदार कार्यशैली की लोगों ने जमकर सराहना की।
