बुधवार, 24 जून 2026

मऊ :वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर गोंड़ समाज का उमड़ा जनसैलाब,निकाला जुलूस।||Mau:On the martyrdom day of the brave queen Durgavati, a large crowd of Gond community members gathered and took out a procession.||

शेयर करें:
मऊ :
वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर गोंड़ समाज का उमड़ा जनसैलाब,निकाला जुलूस।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ। वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस के अवसर पर बुधवार को मऊ नगर में गोंड समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा एवं विशाल जुलूस निकाला गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में समाज के लोगों ने भाग लेकर अपनी एकजुटता, सांस्कृतिक पहचान और वीरांगना रानी दुर्गावती के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।
जुलूस की शुरुआत जीवन राम छात्रावास मैदान से हुई, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर तक पहुंचा। इस दौरान पूरा मार्ग "वीरांगना रानी दुर्गावती अमर रहें", "गोंड समाज एकता जिंदाबाद" और समाज के गौरव से जुड़े नारों से गूंजता रहा। बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और युवा हाथों में झंडे तथा तख्तियां लिए जुलूस में शामिल हुए।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पारंपरिक गोंडऊ नृत्य रहा। लोक कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से लोगों का ध्यान आकर्षित किया। ढोल-मांदर की थाप पर कलाकारों के पारंपरिक नृत्य ने पूरे माहौल को सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। रास्ते भर लोग रुककर इस अद्भुत सांस्कृतिक प्रस्तुति का आनंद लेते रहे।
चिलचिलाती धूप के बावजूद समाज के लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। युवाओं और महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बना दिया। जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा।
कलेक्ट्रेट पहुंचकर समाज के प्रतिनिधियों ने वीरांगना रानी दुर्गावती के शौर्य, बलिदान और आदिवासी समाज के उत्थान में उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि रानी दुर्गावती साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान की प्रतीक हैं, जिनके आदर्श आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर मऊ में गोंड समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक चेतना का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला, जिसने नगरवासियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।