गौतमबुद्धनगर: 18 लाख की चोरी की बाइकें और पार्ट्स बरामद, सूरजपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के 5 बदमाश दबोचे!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस को वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। थाना सूरजपुर पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 12 मोटरसाइकिलें, 5 से 6 मोटरसाइकिलों के भारी मात्रा में पार्ट्स तथा दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गुलिस्तानपुर अंडरपास क्षेत्र से सूर्या उर्फ मोहन, दीपक पाल, लक्की चंदेल, आसिफ और अंकित गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें और दो अवैध चाकू बरामद हुए। पूछताछ के बाद अभियुक्तों की निशानदेही पर एलजी गोलचक्कर के पास जंगल क्षेत्र से 10 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें तथा कई वाहनों के हैंडल, टायर, टंकी, शॉकर, इंजन और चेसिस समेत बड़ी मात्रा में पार्ट्स बरामद किए गए।
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर, नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में सक्रिय था। गिरोह के सदस्य भीड़भाड़ और सार्वजनिक स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को सुनसान स्थानों पर ले जाकर उनके पार्ट्स अलग-अलग कर दिए जाते थे और फिर उन्हें बाजार में बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जाता था। पुलिस के अनुसार गिरोह का सदस्य आसिफ पेशे से कबाड़ी है और वह चोरी के वाहनों को काटकर उनके पार्ट्स बेचने का काम करता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार अधिकांश अभियुक्त पहले से ही कई आपराधिक मामलों में वांछित या आरोपित रहे हैं। इनके खिलाफ वाहन चोरी, चोरी का माल रखने, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों की तलाश कर रही है।
बरामद वाहनों में बुलेट, हीरो स्प्लेंडर, एचएफ डीलक्स, हीरो होंडा और करिज्मा जैसी मोटरसाइकिलें शामिल हैं। कई बाइकें बिना नंबर प्लेट की मिली हैं, जिनकी पहचान और संबंधित मुकदमों का सत्यापन किया जा रहा है।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से पूछताछ के आधार पर अन्य जनपदों में हुई वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे की भी संभावना है।
