गौतमबुद्धनगर: नशा मुक्त भारत अभियान को मिली नई ताकत, शारदा विश्वविद्यालय में 200 छात्रों की जागरूकता रैली निकली!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। नशा मुक्त भारत अभियान को नई ताकत देते हुए शारदा विश्वविद्यालय में बुधवार को 200 से अधिक छात्रों ने जागरूकता रैली निकालकर समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। "मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस" के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में मेडिकल, डेंटल और मनोरोग विभाग के विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी के निर्देशों के क्रम में जनपद में 17 जून से 26 जून तक चलाए जा रहे "नशा मुक्त भारत अभियान" के तहत यह विशेष आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमओ ने कहा कि भारत सरकार मादक पदार्थों के सेवन को कम करने और उनकी अवैध तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को जागरूक कर उन्हें सकारात्मक और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि एनडीपीएस अधिनियम के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो एवं अन्य एजेंसियां सख्त कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर देश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने कहा कि जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। वहीं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंदन सोनी ने कहा कि नशीले पदार्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन को गंभीर रूप से प्रभावित करते हैं, इसलिए युवाओं को इससे दूर रहना चाहिए।
कार्यक्रम में डॉ. श्वेता खुराना ने बताया कि इस वर्ष अभियान की थीम "नशा मुक्त भारत अभियान, विकसित भारत की पहचान" है। उन्होंने कहा कि युवाओं को आकर्षित करने वाले नए-नए मादक पदार्थों की बढ़ती उपलब्धता एक बड़ी चुनौती है, जिससे निपटने के लिए विद्यालयों और महाविद्यालयों में लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि विशेष पखवाड़े के दौरान शारदा विश्वविद्यालय, एमिटी विश्वविद्यालय, एपीजे स्कूल, एफडीआई कॉलेज, गेल ट्रेनिंग सेंटर, जीआईसी स्कूल, जेएसएस कॉलेज, समसारा स्कूल, श्री चैतन्य अकादमिक संस्थान तथा सेंट थॉमस एजुकेशन कॉलेज के आसपास स्थित तंबाकू एवं मादक पदार्थों की दुकानों को हटाने की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद के 66 से अधिक शिक्षण संस्थानों में तंबाकू निषेध एवं नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
संगोष्ठी के उपरांत शारदा विश्वविद्यालय के 200 से अधिक विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकालकर नशे के खिलाफ जनसंदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों को विश्वविद्यालय के चांसलर पी.के. गुप्ता द्वारा सम्मानित भी किया गया।
नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में यह आयोजन युवाओं की भागीदारी और जन-जागरूकता का एक सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।।
