बुधवार, 24 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: बीट पुलिसिंग मजबूत करने और लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के लिए बादलपुर थाने में पुलिस सम्मेलन आयोजित!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: बीट पुलिसिंग मजबूत करने और लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के लिए बादलपुर थाने में पुलिस सम्मेलन आयोजित!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में बीट पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने, लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा जनसुनवाई व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से थाना बादलपुर में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पुलिस अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को जनसंपर्क बढ़ाने, गुमशुदगी के मामलों में तेजी से कार्रवाई करने और जनता की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने एसीपी-2 सेंट्रल नोएडा जितेंद्र कुमार सिंह के साथ थाना बादलपुर में सम्मेलन की अध्यक्षता की। इस दौरान अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को यक्ष ऐप के माध्यम से बीट पुलिसिंग संबंधी सूचनाओं का नियमित अद्यतन करने तथा क्षेत्र में अधिक सक्रिय रहकर आमजन से संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए।

बैठक में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए सभी विवेचकों को 60 और 90 दिनों से लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

सम्मेलन में सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। इसके लिए विशेष टीमों का गठन कर गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से खोज अभियान को तेज करने को कहा गया।

अधिकारियों ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को नियमित जनसुनवाई आयोजित करने और प्राप्त होने वाली सभी जनशिकायतों तथा आईजीआरएस प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने के लिए संवेदनशील एवं जवाबदेह पुलिसिंग आवश्यक है।

सम्मेलन के दौरान कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, बीट पुलिसिंग और जनसंपर्क को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई तथा सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।।