मऊ :
ट्रैक्टर-ट्रॉली से ट्रेलर की भीषण भिड़ंत,चालक की हालत गंभीर।
दो टूक : मऊ जनपद के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के हेमई गांव के समीप फोरलेन पर रविवार दोपहर करीब 3 बजे ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका सहयोगी और ट्रैक्टर चालक बाल-बाल बच गए।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार, हादसे में ट्रेलर चालक राजेश, निवासी वाराणसी, ट्रेलर के केबिन में बुरी तरह फंस गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना उस समय हुई जब रॉन्ग साइड से आ रही ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर ईंटें बिखर गईं।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही दोहरीघाट पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।
