मऊ :
ट्रक चालक को गोली मारकर डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस मुठभेड़ मे सरगना घायल,तीन गिरफ्तार।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो दिन पूर्व ट्रक चालक को गोली मारकर डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी ने भागने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले दोहरीघाट क्षेत्र में ट्रक चालक को गोली मारकर बदमाशों ने डीजल चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया था।
जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को दबोच लिया। इस दौरान एक आरोपी भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास मौजूद अवैध तमंचे से खतरा उत्पन्न होने पर की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन, डीजल चोरी से संबंधित सामान तथा अवैध तमंचा बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने ट्रक चालक को गोली मारने और डीजल चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। हालांकि आरोपी ने पुलिस पर गोली चलाने की बात से इनकार किया है और आत्मरक्षा के लिए तमंचा रखने की बात कही है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय डीजल चोरी करने वाले गिरोह पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
