मऊ :
पिढ़वल नहर में बुजुर्ग का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस।
दो टूक : मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पिढ़वल नहर में सोमवार को एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नहर में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर घोसी कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर उसकी पहचान सतीश कन्नौजिया (55 वर्ष) निवासी पवनी, मझवारा के रूप में कराई। बताया जा रहा है कि मृतक आइसक्रीम बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। शव को देखकर परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है, जबकि स्थानीय लोग भी मौत के कारणों को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
