मऊ :
पूरा थाना राजभर से चलेला" गाने पर थाने में बनी रील वायरल,मचा बवाल।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जिले के हलधरपुर थाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में भारतीय भैरव सेना पार्टी के अध्यक्ष आदित्य राजभर अपने समर्थकों के साथ थाना परिसर के अंदर रील बनाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार थाना हलदरपुर परिसर मे रील इण्टरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वायरल वीडियो में कुछ युवक थाना परिसर में अलग-अलग अंदाज में पोज देते नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ लोग थाना प्रभारी की सरकारी गाड़ी के पास खड़े दिखाई दे रहे हैं। रील के बैकग्राउंड में एक गाना बज रहा है, जिसके बोल हैं— "हथियार चलेला, रंगदार चलेला, पूरा थाना राजभर से चलेला।" इसी गाने और थाने के अंदर बनाई गई रील को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।
वायरल वीडियो को लेकर आम-जनमानस में तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोग थाना परिसर में इस तरह के वीडियो निर्माण पर सवाल उठा रहे हैं। मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने पूरे प्रकरण का संज्ञान लिया है। (वायरल वीडियो की दो टूक मीडिया पुष्टि नही करता है।)
एसपी ने बताया कि हलधरपुर थाने के अध्यक्ष कक्ष के सामने एक व्यक्ति द्वारा रील बनाई गई है, जिसकी जांच कराई जा रही है। वायरल वीडियो का अवलोकन किया जा रहा है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले पर लोगों की नजर बनी हुई है और पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार किया जा रहा है।
●इण्टरनेट पर वायरल वीडियो --
