मंगलवार, 30 जून 2026

मऊ : घोसी क्षेत्र मे मिली सिर कटी लाश की सुभाष के रुप में हुई पहचान,पुलिस जांच मे जुटी।|Mau: The headless body found in the Ghosi area has been identified as that of Subhash; police are investigating.||

शेयर करें:
मऊ : 
घोसी क्षेत्र मे मिली सिर कटी लाश की  सुभाष के रुप में हुई पहचान,पुलिस जांच मे जुटी।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के घोसी कोतवाली क्षेत्र में फोरलेन पुलिया के नीचे मिले सिर कटी लाश के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शव की पहचान मोहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र के सद्दोपुर निवासी सुभाष पुत्र विक्रम बाँसफोर के रूप में हुई है। मृतक दिव्यांग (विकलांग) अधेड़ बताया जा रहा है। पहचान होने के बाद परिजन घोसी कोतवाली पहुंचे, जहां पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि बीते दिनों फोरलेन पुलिया के नीचे सिर कटा शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही घोसी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेते हुए पहचान कराने का प्रयास शुरू किया था।
परिजनों द्वारा शव की शिनाख्त किए जाने के बाद पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह और घटना से जुड़े हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव को फोरलेन पुलिया के नीचे लाकर फेंका गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
घोसी कोतवाली पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ अन्य तकनीकी और भौतिक साक्ष्य भी जुटा रही है। उधर, मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।