गौतमबुद्धनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई का असर, साइबर ठगी के एक लाख रुपये 8 दिन में वापस!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। साइबर अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता का परिचय दिया है। साइबर ठगी के शिकार एक पीड़ित की एक लाख रुपये की धनराशि मात्र आठ दिनों के भीतर वापस कराकर पुलिस ने पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई है। पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम के पर्यवेक्षण में साइबर सेल ग्रेटर नोएडा ने शिकायत मिलते ही मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। टीम ने तत्काल तकनीकी विश्लेषण करते हुए संबंधित बैंक एवं अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई।
लगातार किए गए प्रयासों और प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप पीड़ित की ठगी गई एक लाख रुपये की पूरी धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी गई। धनराशि वापस मिलने के बाद पीड़ित ने डीसीपी ग्रेटर नोएडा से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने साइबर सेल ग्रेटर नोएडा की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस की समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के कारण उनकी मेहनत की कमाई सुरक्षित वापस मिल सकी।
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि वे किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, फर्जी निवेश योजना, डिजिटल अरेस्ट, केवाईसी अपडेट के नाम पर धोखाधड़ी, ओटीपी, यूपीआई या बैंकिंग फ्रॉड जैसी साइबर घटनाओं का शिकार होते हैं तो बिना देरी किए तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करें। समय रहते शिकायत दर्ज होने पर धनराशि को सुरक्षित वापस कराने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
पुलिस ने लोगों को आगाह करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग संबंधी जानकारी, ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम कार्ड विवरण या अन्य गोपनीय व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण कर उन्हें शीघ्र न्याय दिलाने के लिए साइबर सेल पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
