मऊ :
पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर सीओ ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद मे पुलिस भर्ती परीक्षा को सकुशल एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से घोसी क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र सिंह एवं कोतवाली प्रभारी रवींद्रनाथ राय ने सोमवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा कक्षों, प्रवेश द्वारों तथा अभ्यर्थियों की जांच व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सर्वोदय पीजी कॉलेज घोसी, वन अवध इंटर कॉलेज ललितपुर लुदुही, जय किसान इंटर कॉलेज तथा बाबा थानीदास इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा से संबंधित तैयारियों का अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों से परीक्षा के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं आवश्यक प्रबंधों की जानकारी ली।
सीओ जितेंद्र सिंह ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा अभ्यर्थियों की जांच निर्धारित मानकों के अनुसार कराने के निर्देश दिए गए।
कोतवाली प्रभारी रवींद्रनाथ राय ने बताया कि परीक्षा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। केंद्रों के आसपास नियमित गश्त की जाएगी तथा यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखा जाएगा, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों से समन्वय बनाकर परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने का आह्वान किया।
