सोमवार, 8 जून 2026

लखनऊ : केन्द्र सरकार के 12 वर्ष, अंत्योदय की भावना को समर्पित रहे प्रधानमंत्री मोदी।।||Lucknow: 12 years of the Central Government, Prime Minister Modi remained dedicated to the spirit of Antyodaya.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
केन्द्र सरकार के 12 वर्ष, अंत्योदय की भावना को समर्पित रहे प्रधानमंत्री मोदी।।
हर गरीब के सिर पर छत, हर परिवार के जीवन में सम्मान : मोदी सरकार के 12 वर्ष : केशव प्रसाद मौर्या।।
दो टूक : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष सेवा, सुशासन, संवेदनशीलता और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। इन वर्षों में सरकार की प्रत्येक योजना का केंद्र समाज का अंतिम व्यक्ति रहा है। जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन तथा निःशुल्क खाद्यान्न वितरण जैसी योजनाओं ने करोड़ों गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक देश के करोड़ों गरीब परिवार आवास जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित रहे। उनके लिए अपना घर केवल एक आवश्यकता ही नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन का आधार भी था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  ने गरीबों की इस आवश्यकता को समझते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना को जनकल्याण का प्रमुख माध्यम बनाया और करोड़ों आवासविहीन परिवारों को पक्का एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने का ऐतिहासिक कार्य किया।
उन्होंने कहा कि आज देशभर में 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश इस अभियान में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। प्रदेश में लगभग 62 लाख परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों के 41 लाख से अधिक पात्र परिवार शामिल हैं।
श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत लाभार्थियों को केवल आवास ही नहीं, बल्कि शौचालय, निःशुल्क विद्युत कनेक्शन, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत कार्ड तथा मनरेगा के अंतर्गत रोजगार जैसी सुविधाओं से भी जोड़ा गया है। इससे गरीब परिवारों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार हुआ है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण आवास योजनाओं के 75 प्रतिशत से अधिक आवास महिलाओं के नाम स्वीकृत किए गए हैं, जिससे महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। साथ ही लाभार्थी परिवारों को राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार, कौशल विकास एवं आयवृद्धि के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बन सकें।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पक्का आवास केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक सशक्तिकरण का आधार है। इससे करोड़ों माताओं, बहनों, बुजुर्गों और बच्चों को सुरक्षित वातावरण में जीवनयापन का अवसर मिला है। आवास मिलने से परिवारों का आत्मविश्वास बढ़ा है और उनके जीवन में स्थायित्व एवं गरिमा का भाव सशक्त हुआ है।
श्री मौर्य ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि गरीब कल्याण की योजनाएं केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में करोड़ों परिवारों को सम्मानजनक जीवन, सामाजिक सुरक्षा और विकास की नई संभावनाएं प्राप्त हुई हैं।
उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाकर देश के करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा।