मऊ :
भीषण गर्मी में पुलिस भर्ती परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों की लम्बी कतार।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : उत्तर प्रदेश पुलिस परीक्षा भर्ती के
प्रथम दिन भीषण गर्मी में परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश के लिए लम्बी कतार लगी रही।वही
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के दिए निर्देश। पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी दिशा निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराते नजर आए।
विस्तार :
उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल, पारदर्शी, नकलविहीन एवं स्वच्छतापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन एवं पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने परीक्षा के प्रथम दिन जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जनपद मुख्यालय स्थित डी.ए.वी. इंटर कॉलेज, सोनी धापा बालिका इंटर कॉलेज, मुस्लिम इंटर कॉलेज, डी.सी.एस.के. पी.जी. कॉलेज तथा घोसी स्थित सर्वोदय पी.जी. कॉलेज, जैश किसान इंटर कॉलेज एवं अमिला स्थित बाबा थानी दास इंटर कॉलेज सोनाडीह सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों से परीक्षा संचालन संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, पहचान सत्यापन, सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती तथा परीक्षा के दौरान अपनाई जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके अतिरिक्त प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता एवं कंट्रोल रूम के माध्यम से की जा रही निगरानी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने परीक्षा कार्य में लगे समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं सतर्कता के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी समस्त दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए। जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने भी केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को सतर्क रहकर ड्यूटी करने तथा परीक्षा की गोपनीयता एवं सुरक्षा बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
●डीएम और पुलिस कप्तान परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करते हुए।
