गौतमबुद्घनगर महंगाई पर कांग्रेस का हमला: रसोई गैस के बढ़े दामों से जनता पर बढ़ेगा बोझ, सरकार जनहित के मुद्दों से दूर — सतेन्द्र शर्मा
दो टूक//नोएडा, 7 जून 2026। घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर वृद्धि होने के बाद कांग्रेस ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के स्टेट कोऑर्डिनेटर एवं बागपत प्रभारी तथा नोएडा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता सतेन्द्र शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भाजपा सरकार लगातार महंगाई बढ़ाकर आम जनता की कमर तोड़ने का काम कर रही है।
सतेन्द्र शर्मा ने कहा कि शनिवार सुबह जनता की आंख खुलने से पहले ही सरकार ने घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर देशवासियों को महंगाई का एक और झटका दे दिया। उन्होंने कहा कि पहले से ही बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रही जनता पर यह अतिरिक्त बोझ डालना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने आरोप लगाया कि रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल जैसी आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं, जिससे आम आदमी का घरेलू बजट पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। मध्यम वर्ग, मजदूर, छोटे कारोबारी और निम्न आय वर्ग के परिवार सबसे अधिक परेशान हैं। रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के बढ़ते दामों ने आम नागरिकों का जीवन कठिन बना दिया है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने "बहुत हुई महंगाई की मार, अबकी बार मोदी सरकार" का नारा देकर जनता से समर्थन मांगा था, लेकिन आज स्थिति यह है कि महंगाई लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। उन्होंने कहा कि जनता को राहत देने के बजाय सरकार चुनावी कार्यक्रमों और प्रचार-प्रसार में अधिक व्यस्त दिखाई दे रही है।
सतेन्द्र शर्मा ने कहा कि गैस सिलेंडर के दामों में हुई वृद्धि का सीधा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ेगा। जिन परिवारों की आय सीमित है, उनके लिए घर का खर्च चलाना और अधिक कठिन हो जाएगा। छोटे व्यवसायों और दैनिक कार्य करने वाले लोगों पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव देखने को मिलेगा।
उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल प्रभाव से रसोई गैस की बढ़ी हुई कीमतों को वापस ले तथा महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के हितों की लड़ाई लड़ता रहेगा और महंगाई के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रहेगा।
अंत में सतेन्द्र शर्मा ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता अब महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक दबाव से त्रस्त हो चुकी है तथा सरकार को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए राहतकारी निर्णय लेने चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर हर जनहित के मुद्दे पर संघर्ष करती रहेगी।।
