गौतमबुद्धनगर: डीसीपी शैलेन्द्र कुमार सिंह का थाना बादलपुर में वार्षिक निरीक्षण, कानून-व्यवस्था और जनसुनवाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने रविवार को थाना बादलपुर का वार्षिक निरीक्षण कर थाना प्रशासन, अभिलेखों के रखरखाव, जनसुनवाई व्यवस्था तथा पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने थाना कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, साइबर हेल्प डेस्क, डाक कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, थाना हवालात, बैरक और मेस का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और आगंतुकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही थाना प्रभारी एवं हेड मोहर्रिर को मालखाने में लंबित पड़े माल के शीघ्र निस्तारण, लावारिस वाहनों की नियमानुसार नीलामी तथा थाना परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।
डीसीपी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने साइबर हेल्प डेस्क और महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए वहां तैनात पुलिसकर्मियों को पीड़ितों की तत्काल सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत को रजिस्टर में दर्ज किया जाए और उसका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि आम जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो सके।
निरीक्षण के दौरान सभी रजिस्टरों एवं अभिलेखों की जांच करते हुए उन्होंने उनके नियमित एवं सही रखरखाव पर बल दिया। साथ ही पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने की सीख दी।
इस अवसर पर डीसीपी ने थाना बादलपुर में तैनात पुलिसकर्मियों की आर्म्स हैंडलिंग का भी परीक्षण किया तथा उन्हें हथियारों के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस बल को हर समय सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने की हिदायत दी।
डीसीपी ने थाना प्रभारी और विवेचकों को लंबित विवेचनाओं एवं प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने, जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनने तथा फरियादियों के साथ विनम्र और संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आमजन को त्वरित न्याय और सुरक्षा प्रदान करना है, इसलिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।
वार्षिक निरीक्षण के दौरान थाना बादलपुर की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए डीसीपी ने कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, जनसुनवाई प्रणाली को मजबूत करने तथा पुलिस सेवाओं को जनता के लिए अधिक सुलभ और पारदर्शी बनाने पर विशेष बल दिया। निरीक्षण के बाद संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
