लखनऊ :
भरत तिवारी के कथित फर्जी एनकाउंटर के विरोध में युवाओ ने कैंडिल मार्च निकालकर किया प्रदर्शन।
।।डी एस शास्त्री।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज कस्बे में युवा विश्वास दल ने सामजिक संगठनो के साथ कैंडिल मार्च निकालकर श्रद्वांजली सभा का आयोजन)
मोहनलालगंज। बिहार के भोजपुर जिले के युवा भरत भूषण तिवारी के कथित फर्जी एनकाउंटर को लेकर रविवार शाम मोहनलालगंज कस्बे में लोगों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। युवा विश्वास दल के नेतृत्व में क्षेत्रीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं करणी सेना के पदाधिकारियों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर कैंडिल मार्च निकालते हुए घटना के विरोध में प्रदर्शन किया और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
कैंडिल मार्च कालेबीर बाबा मंदिर से शुरू होकर पूरे कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने "भरत तिवारी अमर रहें", "हत्यारों को फांसी दो" और न्याय की मांग से जुड़े नारे लगाए। पूरे मार्च के दौरान लोगों ने घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
मार्च के समापन के बाद आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि यदि भरत भूषण तिवारी ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था, तो उनकी मौत की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने केंद्र एवं बिहार सरकार से पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने, दोषी पुलिसकर्मियों को फांसी की सजा दिलाने, भरत भूषण तिवारी को शहीद का दर्जा देने, उनके परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह दीपू ने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कैंडिल मार्च का आयोजन युवा विश्वास दल के अध्यक्ष सत्यम सिंह के नेतृत्व में सनी शुक्ला, अक्षत मिश्रा, वंशराज तिवारी एवं मयंक सिंह ने करणी सेना और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से किया। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार योगेन्द्र तिवारी, मुकेश द्विवेदी, ललित दीक्षित,वीरेन्द्र शुक्ला प्रदीप सिंह, ललित मिश्रा, उमेश गुप्ता, सनी पांडे,अवनीश पांडे सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
