लखनऊ :
एक करोड़ के अवैध गॉजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार,बड़ी मात्रा मे गांजा बरामद।
दो टूक : यूपी एसटीएफ ने अन्तर्राज्यीय स्तर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले दो तस्करों को जनपद चन्दौली के कोतवाली मुगलसराय से गिरफ्तार कर
कब्जे से 505 किग्रा गाँजा (अनुमानित कीमत 01 करोड 25 लाख रूपये) बरामद। किया है।
विस्तार :
एस०टी०एफ०, उ०प्र० को विभिन्न राज्यों से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले शातिर तस्करों के सक्रिय होने की सूचनाएँ प्राप्त हो रही थी। इस सम्बन्ध में एस०टी०एफ० की विभिन्न इकाईयों टीमों को अभिसूचना संकलन एवं कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया था। उक्त निर्देश के क्रम में एस०टी०एफ० फील्ड इकाई वाराणसी द्वारा भी अभिसूचना संकलन की कार्यवाही की जा रही थी।
उपरोक्त के क्रम में निरीक्षक श्री पुनीत परिहार के नेतृत्व में एस०टी०एफ० वाराणसी की एक टीम जनपद चन्दौली में आपराधिक अभिसूचना संकलन हेतु भ्रमणशील थी कि इसी दौरान विश्वस्त सूत्र के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि मादक पदार्थ के तस्कर ट्रक में मसाला एवं लोहे के एंगल के बीच में गाँजा छुपाकर चन्दौली की तरफ आ रहे हैं, यदि शीघ्रता की जाये तो पकड़े जा सकते हैं। इस सूचना पर एस०टी०एफ० वाराणसी की टीम द्वारा जनपदीय स्थानीय पुलिस को साथ लेकर उपरोक्त स्थान से दोनों तस्करों को गिरफ्तार करते हुये उक्त बरामदगी की गयी।
गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ से पाया गया कि उक्त गिरफ्तार अभियुक्त सुरेन्द्र सिंह यादव एवं राजकुमार यादव दोनों सगे भाई हैं। उपरोक्त बरामद ट्रक सुरेन्द्र सिंह यादव के स्वयं का है, जिसका उपयोग ये दोनों मादक पदार्थ की तस्करी में करते हैं। ये दोनों पहले अपना ट्रक लेकर रायपुर (छत्तीसगढ) गये। वहाँ पर अपने ट्रक में गया (बिहार) के लिये लोहे का एंगल और पटना (बिहार) के लिये मसाला लोड किये। इसके बाद पूर्व नियोजित योजना के तहत रायपुर से संबल (ओडिसा) गये और वहाँ के स्थानीय गाँजा तस्कर से गाँजा लेकर अपने ट्रक में लदे मसाला व लोहे के एंगल के बीच छुपा कर रख कर वहाँ से चल दिये। ये दोनों तस्कर बिहार एवं बिहार के सीमावर्ती जनपद बलिया, गाजीपुर, चन्दौली एवं वाराणसी के तस्करों के नेटवर्क से जुडे हुये हैं। इनकी योजना थी कि पहले चन्दौली आकर गाँजा तस्करों को देते इसके बाद वापस जनपद गया व पटना जाते। उक्त गाँजा को लेकर आ रहे थे कि रास्ते में ही इन्हें जनपद चन्दौली के थाना मुगलसराय क्षेत्र से गिरफ्तार करते हुये उपरोक्त बरामदगी की गयी।
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरूद्ध मु०अ०सं० 311/26 धारा 08/20 एनडीपीएस एक्ट थाना मुगलसराय जनपद चन्दौली पर पंजीकृत कराया गया। अग्रिम विधिक कार्यवाही स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
