लखनऊ :
सिक्योरिटी सुपरवाइजर ने रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर किया सुसाइड,घर मे मचा कोहराम।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना विकासनगर इलाके के सेक्टर-सी सबोली
में एक प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी के सुपरवाइजर ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन फानन में उन्हें गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुची पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक संदीप सिंह (52) पुत्र जीत बहादुर सिंह थे। वह श्रीराम सिक्योरिटी एजेंसी में सुपरवाइजर थे। परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार बीते दिनांक 03/04.06.2026 समय 12:22 बजे रात्रि को थाना स्थानीय पर जरिए डायल-112 से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति द्वारा स्वयं को गोली मार ली गई है। इस सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर जानकारी की तो ज्ञात हुआ कि *उक्त घटना समय करीब 22:00 बजे की है। मृतक के भाई प्रदीप सिंह द्वारा बताया गया कि मृतक संदीप सिंह उम्र लगभग 52 वर्ष पुत्र जीत बहादुर सिंह निवासी सेक्टर-सी, सबोली थाना विकासनगर लखनऊ, शराब के नशे में थे तथा उन्होंने अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से स्वयं को गोली मार ली है घटना के उपरांत परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद मृतक के मित्र द्वारा डायल-112 पर सूचना दी गई। मृतक का शव ट्रामा सेंटर की मॉर्चरी में रखवा दिया गया है। मृतक निजी सुरक्षा संस्था "श्री राम सिक्योरिटी एजेंसी" में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी एवं दो पुत्रियां हैं। मौके पर मृतक की पत्नी, बच्चे तथा अन्य परिजन मौजूद हैं। घटनास्थल पर जिस कमरे में घटना हुई, वहां लाइसेंसी रिवॉल्वर एवं रक्त के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल के वैज्ञानिक परीक्षण हेतु फील्ड यूनिट को बुलाया गया है। मौके पर स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में है नियमानुसार पंचायतनामा एवं अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। अन्य आवश्यक तथ्यों की जांच की जा रही है।
