गुरुवार, 4 जून 2026

मऊ : केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रभारी मंत्री ने की समीक्षा बैठक।||Mau: The Minister in Charge held a review meeting on the completion of 12 years of the Central Government.||

शेयर करें:
मऊ : 
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रभारी मंत्री ने की समीक्षा बैठक।
 आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की ली जानकारी।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री  दयाशंकर सिंह ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर हैं। सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर उन्हें आमजन तक पहुंचाना सभी विभागों की जिम्मेदारी है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है तथा वर्ष 2029 तक प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य प्राप्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसा नेतृत्व प्राप्त हुआ है, जिनके मार्गदर्शन में विकास एवं सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं।बैठक में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की तिथिवार समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि “सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं सम्मान” की भावना के अनुरूप सभी कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेश के 825 विकास खंडों, 762 नगर निकायों तथा समस्त ग्राम पंचायतों में पांच करोड़ पौधों का वृक्षारोपण कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 8 जून से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जनजागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। 11 जून से 14 जून के मध्य मीडिया संवाद एवं संबोधन कार्यक्रम आयोजित होंगे। 14 जून से 16 जून तक जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 16 एवं 17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि 17 जून से 20 जून के मध्य केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। वहीं 18 एवं 19 जून को प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशालाएं आयोजित होंगी। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन के सहयोग से जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने सभी विभागों को शासनादेश के अनुरूप समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूर्ण करने तथा कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
बैठक में जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने प्रभारी मंत्री को अवगत कराया कि सभी कार्यक्रमों के सफल आयोजन हेतु विभागवार जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं। केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों के व्यापक प्रचार-प्रसार की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है तथा सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराए जाएंगे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर, जिला पंचायत अध्यक्ष  मनोज राय, भाजपा जिला अध्यक्ष  रामाश्रय मौर्य सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।