गौतमबुद्धनगर: ट्विशा शर्मा को नम आंखों से श्रद्धांजलि, शोकसभा में उमड़ा जनसैलाब; परिजनों ने कहा- CBI जांच पर अब तक भरोसा!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौर सिटी-2 स्थित 16 एवेन्यू सोसाइटी में दिवंगत ट्विशा शर्मा की स्मृति में आयोजित शोकसभा भावुक माहौल में संपन्न हुई। शोकसभा में ट्विशा के परिजनों के साथ बड़ी संख्या में सोसाइटी निवासी और शुभचिंतक शामिल हुए। सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर ट्विशा शर्मा को श्रद्धांजलि दी और परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। शोकसभा के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा और कई लोग ट्विशा को याद करते हुए भावुक नजर आए।
इस अवसर पर ट्विशा शर्मा के पिता और भाई ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मामले की जांच कर रही सीबीआई की कार्रवाई से वे फिलहाल संतुष्ट हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच एजेंसी निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच करते हुए सच्चाई को सामने लाएगी तथा परिवार को न्याय दिलाने का कार्य करेगी।
परिजनों ने इस कठिन समय में समाज और आम लोगों से मिले सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया। ट्विशा के पिता ने कहा कि न्याय की इस लड़ाई में लगातार साथ खड़ी जनता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि लोगों का समर्थन परिवार को मानसिक संबल प्रदान कर रहा है और इसी भरोसे के साथ वे न्याय की उम्मीद बनाए हुए हैं।
शोकसभा में मौजूद लोगों ने भी परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए न्याय की मांग को समर्थन दिया। सोसाइटी के निवासियों ने कहा कि वे इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं और न्याय मिलने तक उनका साथ जारी रहेगा।
गौरतलब है कि गौर सिटी-2, थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत आता है। ट्विशा शर्मा से जुड़े मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर लगातार लोगों की नजर बनी हुई है। शोकसभा में उमड़ी भीड़ और लोगों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि समाज इस दुखद घटना को लेकर संवेदनशील है और पीड़ित परिवार के साथ एकजुट होकर खड़ा है।।
