सोमवार, 1 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेट वैल्यू शरणम में ‘सिर पर मंडरा रहा खतरा’, प्लास्टर गिरने से दहशत में रेजिडेंट्स; हेलमेट पहनकर चलने को मजबूर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेट वैल्यू शरणम में ‘सिर पर मंडरा रहा खतरा’, प्लास्टर गिरने से दहशत में रेजिडेंट्स; हेलमेट पहनकर चलने को मजबूर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। सेक्टर-107 स्थित ग्रेट वैल्यू शरणम सोसाइटी में भवनों से लगातार प्लास्टर गिरने की घटनाओं ने निवासियों की चिंता बढ़ा दी है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि अपनी सुरक्षा के लिए कई रेजिडेंट्स सोसाइटी परिसर में हेलमेट पहनकर आने-जाने को मजबूर हैं। इसी मुद्दे को लेकर सोसाइटी के निवासियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था, भवनों की जर्जर होती स्थिति और बिल्डर की कथित लापरवाही पर गहन चर्चा की गई।

रेजिडेंट्स का कहना है कि सोसाइटी की इमारतों से लगातार प्लास्टर टूटकर गिर रहा है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उनका आरोप है कि बिल्डर द्वारा टावरों और कॉमन एरिया के रखरखाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कई बार शिकायतों और मांगों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

निवासियों ने बताया कि हाल ही में बीते मंगलवार को एक गंभीर घटना सामने आई थी, जब सोसाइटी में कार्यरत एक घरेलू सहायिका (मेड) के सिर पर अचानक प्लास्टर का बड़ा हिस्सा गिर गया। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके सिर पर 19 टांके लगाने पड़े। इस घटना के बाद सोसाइटी में रहने वाले लोगों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल और गहरा गया है।

बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि वर्ष 2016 में सोसाइटी के हैंडओवर के बाद से भवनों का समुचित रखरखाव नहीं किया गया। समय-समय पर सामने आने वाली तकनीकी और संरचनात्मक समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसके कारण अब स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही व्यापक मरम्मत कार्य नहीं कराया गया तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।

रेजिडेंट्स के अनुसार, इस संबंध में नोएडा पुलिस, नोएडा प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों को कई बार लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। बैठक में निवासियों ने एक स्वर में मांग की कि संबंधित अधिकारी सोसाइटी का तत्काल निरीक्षण कराएं, भवनों की सुरक्षा का तकनीकी ऑडिट कराया जाए और जिम्मेदार पक्ष के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सोसाइटी के लोगों का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी विवाद को बढ़ाना नहीं, बल्कि हजारों निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन और जनप्रतिनिधियों से हस्तक्षेप की मांग करने पर मजबूर होंगे। फिलहाल ग्रेट वैल्यू शरणम में रहने वाले परिवारों की सबसे बड़ी चिंता यही है कि उनके घरों के बाहर और भीतर की सुरक्षा कब सुनिश्चित होगी।