शनिवार, 13 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: मोहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने संभ्रांत नागरिकों के साथ की बैठक!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मोहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने संभ्रांत नागरिकों के साथ की बैठक!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

ग्रेटर नोएडा। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा डीसीपी और एडीसीपी ग्रेटर नोएडा के पर्यवेक्षण में एसीपी-2 ग्रेटर नोएडा श्रीमती प्रशाली गंगवार ने थाना जारचा क्षेत्र में स्थानीय संभ्रांत नागरिकों, सामाजिक प्रतिनिधियों और क्षेत्र के प्रमुख लोगों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की।

बैठक के दौरान एसीपी प्रशाली गंगवार ने उपस्थित लोगों से संवाद स्थापित करते हुए मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान समाज के सभी वर्गों की जिम्मेदारी होती है कि वे शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन और पुलिस का सहयोग करें, ताकि पर्व सकुशल संपन्न हो सके।

गोष्ठी में मौजूद लोगों को सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करने से बचें। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी सूचना की सत्यता की पुष्टि किए बिना उसे आगे प्रसारित न करने की सलाह दी गई।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि क्षेत्र में कोई संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक तत्वों की मौजूदगी या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली कोई सूचना मिले तो उसकी जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। अधिकारियों ने कहा कि जनसहयोग से ही त्योहारों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सकता है।

बैठक में मौजूद नागरिकों ने भी पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और मोहर्रम पर्व के दौरान शांति एवं भाईचारा बनाए रखने के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित स्थिति उत्पन्न न हो सके।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा आयोजित इस जनसंवाद कार्यक्रम को स्थानीय लोगों ने सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूती मिलती है।