गौतमबुद्धनगर: भूटानी इंफ्रा में एडवोकेट राहुल भाटी एंड एसोसिएट्स के नए कार्यालय का शुभारंभ, अशोक भाटी ने युवाओं को दिया आत्मनिर्भरता का संदेश!!
दो टूक//नोएडा, 25 जून 2026। सेक्टर-137 स्थित भूटानी इंफ्रा में एडवोकेट राहुल भाटी एंड एसोसिएट्स के नए कार्यालय का शुभारंभ गुरुवार को भव्य एवं गरिमामय समारोह के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ किसान नेता अशोक भाटी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर आयोजकों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया, जिसके बाद उन्होंने फीता काटकर कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया।
उद्घाटन अवसर पर अशोक भाटी ने एडवोकेट राहुल भाटी एवं उनके परिवार को नए कार्यालय की स्थापना पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा, मेहनत और सही मार्गदर्शन के बल पर युवा किसी भी क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर सकते हैं और समाज के लिए प्रेरणा बन सकते हैं।
अपने संबोधन में अशोक भाटी ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश देते हुए कहा कि आज के दौर में केवल नौकरी ही सफलता का एकमात्र माध्यम नहीं है, बल्कि व्यवसाय, उद्योग, स्वरोजगार और प्रोफेशनल सेवाओं के क्षेत्र में भी अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा, “धन्य हैं ऐसे माता-पिता जो अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाकर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर प्रदान करते हैं। समाज के प्रत्येक अभिभावक को अपने बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ उद्यमिता और स्वरोजगार के लिए भी प्रेरित करना चाहिए, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।”
उन्होंने देवेंद्र भाटी एवं उनके परिवार की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए किया गया प्रयास पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। अशोक भाटी ने कहा कि शिक्षित और आत्मविश्वासी युवा ही किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होते हैं तथा ऐसे युवाओं को आगे बढ़ाने में परिवार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गणमान्य लोगों ने भी राहुल भाटी को नई शुरुआत के लिए बधाई दी और विश्वास जताया कि उनका कार्यालय क्षेत्र के लोगों को बेहतर कानूनी परामर्श एवं सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। समारोह में सामाजिक सरोकारों, शिक्षा और युवाओं के भविष्य को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
इस अवसर पर अनुराग ठाकुर (चेयरमैन), एडवोकेट सरदार बंसल, प्रदीप भाटी, अनिल खारी, विपिन तंवर, सिंहराज गुर्जर, कुंवर नादिर अली, अनुज भाटी, दुष्यंत भाटी, अशोक कपासिया सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं सम्मानित लोग उपस्थित रहे।
समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में सभी अतिथियों ने एडवोकेट राहुल भाटी एंड एसोसिएट्स के नए कार्यालय की निरंतर प्रगति, सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दीं।।
