गुरुवार, 25 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कुख्यात गांजा तस्कर मोनू जोगी गिरफ्तार, 1.1 किलो गांजा बरामद; कई संगीन मामलों में रहा है आरोपी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कुख्यात गांजा तस्कर मोनू जोगी गिरफ्तार, 1.1 किलो गांजा बरामद; कई संगीन मामलों में रहा है आरोपी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 25 जून 2026। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत थाना सूरजपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में संलिप्त एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।

थाना सूरजपुर पुलिस द्वारा गुरुवार को ओसिस सोसाइटी गोलचक्कर के पास से मोनू जोगी पुत्र रामकिशन उर्फ भुल्लड़ को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त मोनू जोगी चंपत कॉलोनी, कस्बा एवं थाना सूरजपुर का निवासी है और वर्तमान में ग्राम तिलपता में रह रहा था। आरोपी की उम्र लगभग 29 वर्ष बताई गई है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से 1 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसके संबंध में थाना सूरजपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मोनू जोगी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त तथा अन्य संगीन अपराधों से संबंधित करीब 19 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। इससे पहले भी वह कई बार मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियार रखने के मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कमिश्नरेट क्षेत्र में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में की गई कार्रवाई के दौरान यह गिरफ्तारी हुई है। आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और गांजा सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं नशे के कारोबार की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।।