गौतमबुद्धनगर: एक महीने बाद भी नहीं मिला इंसाफ: सड़क हादसे में बेटे की मौत, मां पूछ रही— आखिर किस वाहन ने कुचला मेरे लाल को?
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना बिसरख क्षेत्र के लाल कुआं बाईपास पर 28 मई को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय राहुल की मौत के एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी उसके परिवार को इंसाफ का इंतजार है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि राहुल को पहली टक्कर किस वाहन ने मारी थी। मृतक की मां का आरोप है कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद पुलिस अब तक हादसे के जिम्मेदार वाहन और चालक की पहचान नहीं कर सकी है।
जानकारी के अनुसार, 28 मई को राहुल बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान लाल कुआं बाईपास पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से राहुल सड़क पर गिर गया और पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद राहगीरों ने राहुल का मोबाइल फोन उठाकर उसके परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई शुरू करने की बात कही।
मृतक की मां का कहना है कि हादसे के बाद से वह लगातार पुलिस अधिकारियों के पास जाकर यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि उनके बेटे को टक्कर मारने वाला वाहन कौन था, लेकिन अब तक उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। उनका आरोप है कि पुलिस कभी समय का अभाव बताती है तो कभी यह कहकर मामला टाल देती है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे बंद थे।
पीड़िता का कहना है कि एक मां के लिए अपने बेटे को खोने का दुख असहनीय है, लेकिन उससे भी अधिक पीड़ा इस बात की है कि एक महीने से अधिक समय गुजर जाने के बावजूद हादसे के असली जिम्मेदार का पता नहीं चल सका। उनका आरोप है कि उनकी शिकायतों और गुहार को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने, दोषी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और उन्हें शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कब तक कोई ठोस प्रगति कर पीड़ित परिवार के सवालों का जवाब दे पाती है।।
