गौतमबुद्धनगर: उद्यमियों की सुरक्षा और समस्याओं के समाधान को लेकर पुलिस का बड़ा संवाद, इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से थाना इकोटेक-3 क्षेत्र में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के साथ उद्यमी-पुलिस संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और उद्यमियों के बीच आपसी समन्वय बढ़ाने तथा उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह एवं सहायक पुलिस आयुक्त-3 सेंट्रल नोएडा श्री राजीव कुमार गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, यातायात संबंधी समस्याओं और स्थानीय स्तर पर आने वाली चुनौतियों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
उद्यमियों ने अपने प्रतिष्ठानों और औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने सभी बिंदुओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही यह भरोसा दिलाया कि उद्योगों की सुरक्षा और सुचारु संचालन के लिए पुलिस प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने उद्यमियों से अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा गार्डों का सत्यापन एवं अन्य सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उद्यमी-पुलिस संवाद कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि औद्योगिक विकास और सुरक्षित वातावरण एक-दूसरे के पूरक हैं, तथा पुलिस और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय से ही निवेश, रोजगार और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिल सकती है। कार्यक्रम में उपस्थित उद्यमियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।।
