गौतमबुद्धनगर: युवाओं के सपनों की परीक्षा पर प्रशासन की कड़ी निगरानी, डीएम ने तिलपता परीक्षा केंद्र का किया औचक निरीक्षण!!
गौतमबुद्धनगर के 20 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रही आरक्षी भर्ती परीक्षा, निष्पक्षता बनाए रखने के दिए सख्त निर्देश
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 09 जून 2026। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 परीक्षा जनपद गौतमबुद्धनगर के 20 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच संपन्न कराई जा रही है। परीक्षा 08, 09 एवं 10 जून को दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित हो रही है।
भर्ती परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने मंगलवार को भारतीय आदर्श इंटर कॉलेज, तिलपता ग्रेटर नोएडा स्थित परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम, परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों की प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा प्रक्रिया को पूर्ण सतर्कता, निष्पक्षता और अनुशासन के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी रखने और कंट्रोल रूम से प्रत्येक गतिविधि की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन के अनुसार जनपद के सभी 20 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो रही है। अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रशासन का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सुरक्षा और निगरानी के सभी मानकों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान केंद्र व्यवस्थापक, विद्यालय प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।।
