मंगलवार, 23 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: दादरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बैटरी चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दादरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बैटरी चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 23 जून। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की दादरी थाना पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की गई 9 बैटरियां, वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल तथा एक अवैध .315 बोर तमंचा बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 23 जून 2026 को थाना दादरी पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से कार्रवाई करते हुए कठैहरा तिराहे के आगे से शहजाद पुत्र शेर मोहम्मद तथा दानिश पुत्र चांद मोहम्मद को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी दादरी कस्बे की नई आबादी क्षेत्र के निवासी हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने 16 जून की रात अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर रेलवे रोड स्थित एक बंद दुकान का ताला तोड़कर वहां से 11 बैटरियां चोरी की थीं। पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी की गई बैटरियों में से 9 बैटरियां बरामद कर ली गई हैं, जबकि दो बैटरियां उनके फरार साथी के पास हैं। पुलिस अब तीसरे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। इसके अलावा आरोपी शहजाद के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा मिलने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शहजाद का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं। दादरी पुलिस की इस कार्रवाई को चोरी करने वाले गिरोहों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।।