गौतमबुद्धनगर: महंगाई और बिजली दरों में बढ़ोतरी से जनता बेहाल, भाजपा सरकार राहत देने में विफल: सतेन्द्र शर्मा
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के स्टेट कोऑर्डिनेटर एवं बड़ौत-बागपत प्रभारी सतेन्द्र शर्मा ने भाजपा सरकार पर महंगाई और बढ़ते बिजली शुल्क को लेकर तीखा हमला बोला है। सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में आम जनता लगातार महंगाई की मार झेल रही है, लेकिन सरकार जनता को राहत देने के बजाय नए-नए आर्थिक बोझ थोपने का काम कर रही है।
सतेन्द्र शर्मा ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता पहले से ही बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से परेशान है। ऐसे समय में बिजली दरों में लगभग 10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करना आम लोगों की जेब पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने 'ईंधन अधिभार' के नाम पर बिजली बिलों में वृद्धि कर दी है, जबकि प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के दौरान बिजली कटौती और अघोषित बिजली संकट लगातार बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि नोएडा समेत पूरे उत्तर प्रदेश में लोग भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली कटौती झेलने को मजबूर हैं। जनता को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही, लेकिन बिल लगातार बढ़ाए जा रहे हैं। इससे मध्यम वर्ग, गरीब परिवारों और छोटे कारोबारियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि आज रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। खाद्य पदार्थों से लेकर घरेलू उपयोग की वस्तुओं तक हर चीज महंगी होती जा रही है। इसके साथ ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसका सीधा असर आम आदमी के बजट पर पड़ रहा है।
सतेन्द्र शर्मा ने भाजपा के वर्ष 2014 के चुनावी नारे "बहुत हुई महंगाई की मार, अबकी बार मोदी सरकार" का जिक्र करते हुए कहा कि यह नारा केवल चुनावी वादा बनकर रह गया है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों में महंगाई लगातार बढ़ी है, लेकिन सरकार इस समस्या को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं से दूर होकर केवल चुनावी राजनीति में व्यस्त है, जबकि आम नागरिक बढ़ती कीमतों, बिजली संकट और बेरोजगारी जैसी समस्याओं से जूझ रहा है।
अंत में सतेन्द्र शर्मा ने प्रदेश सरकार से बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी को तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रहेगी और सरकार से मांग करती है कि महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं तथा आम लोगों को राहत प्रदान की जाए।।
