गौतमबुद्धनगर: होटल में सज रही थी हार-जीत की महफिल, पुलिस की रेड में 20 जुआरी गिरफ्तार!!
दो टूक//नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने अवैध जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-49 क्षेत्र में चल रहे एक जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। थाना सेक्टर-49 पुलिस ने छापेमारी कर 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से 1.62 लाख रुपये से अधिक की नकदी, 160 ताश के पत्ते, सात दोपहिया वाहन, एक चार पहिया वाहन और 22 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को लोकल इंटेलिजेंस से मिली सूचना के आधार पर सेक्टर-51 स्थित सनराइज होटल के पास छापेमारी की गई। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेला जा रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी 20 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
होटल के कमरों में चलता था जुए का खेल
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने-अपने वाहनों से होटल पहुंचते थे और कमरा किराये पर लेकर जुआ खेलते थे। हार-जीत की रकम पर बाजी लगाई जाती थी और लंबे समय से यह गतिविधि चल रही थी। पुलिस को मौके से बड़ी मात्रा में नकदी और जुए में इस्तेमाल होने वाला सामान भी मिला है।
लाखों की नकदी और कई वाहन बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1,62,250 रुपये नकद, 160 ताश के पत्ते, सात दोपहिया वाहन, एक कार और 22 मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइल फोन की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी किसी बड़े सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं।
कुछ आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी मिला
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। इनमें सार्वजनिक जुआ अधिनियम समेत अन्य आपराधिक मामलों के रिकॉर्ड शामिल हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि कुछ आरोपी पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-49 में सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और अवैध जुआ तथा सट्टेबाजी के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
