गौतमबुद्धनगर: एडीसीपी ने किया थाना जेवर का वार्षिक निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण और जनसुनवाई पर दिया जोर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 12 जून 2026। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा जनहितैषी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार एवं डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्री प्रवीन रंजन सिंह के पर्यवेक्षण में एडीसीपी ग्रेटर नोएडा श्री संतोष कुमार ने थाना जेवर का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त-4 श्री सार्थक सेंगर भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान एडीसीपी ने थाना कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, साइबर हेल्प डेस्क, डाक कार्यालय, थाना हवालात, थाना मेस, पुलिस बैरक तथा मिशन शक्ति केंद्र का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति का भी अवलोकन किया।
थाना प्रभारी और हेड मोहर्रिर को निर्देशित करते हुए एडीसीपी ने मालखाने में लंबित पड़े माल के शीघ्र निस्तारण, थाना परिसर और बैरकों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, आगंतुकों के बैठने की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा लावारिस वाहनों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत नीलामी की कार्रवाई समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
साइबर हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां तैनात पुलिसकर्मियों को पीड़ितों की तत्काल सहायता करने, प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत को विधिवत रजिस्टर में दर्ज करने तथा सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं से प्राप्त शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए उनका फीडबैक लेने पर भी विशेष बल दिया गया।
थाना कार्यालय में अभिलेखों और रजिस्टरों की जांच करते हुए एडीसीपी ने सभी रिकॉर्ड को पूर्ण, अद्यतन और व्यवस्थित ढंग से संधारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विवेचकों को लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निष्पादन करने तथा पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि थाने पर आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए तथा उनके साथ मृदुभाषी और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए जिससे आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो तथा उन्हें त्वरित न्याय और सहायता का अनुभव हो।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार के नियमित निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाना है, ताकि कानून-व्यवस्था के साथ-साथ आम नागरिकों की शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। थाना जेवर के वार्षिक निरीक्षण के दौरान दिए गए दिशा-निर्देशों से पुलिस कार्यप्रणाली में और अधिक सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है।।
