गौतमबुद्धनगर: जनसंवाद में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई: पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह सख्त, चौकी इंचार्ज निलंबित, थाना प्रभारी लाइन हाजिर!!
दो टूक//नोएडा, 7 जून 2026। पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा सेक्टरों और आवासीय क्षेत्रों की समस्याओं के प्रभावी समाधान के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने रविवार को सेक्टर-52 स्थित FONRWA (फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन) कार्यालय में विभिन्न सेक्टरों की आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की। बैठक के दौरान स्थानीय नागरिकों ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, लावारिस वाहन, किराएदार सत्यापन और पुलिस-जनसंवाद से जुड़े कई मुद्दे उठाए, जिन पर पुलिस कमिश्नर ने गंभीरता से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
गोष्ठी में पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत बनाया जाए।
बैठक में सोसाइटियों एवं सेक्टरों के आसपास यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने पर विशेष जोर दिया गया। जिन स्थानों पर नियमित रूप से जाम की समस्या उत्पन्न होती है, वहां आवश्यकता अनुसार यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़कों पर अनावश्यक रूप से खड़ी रहने वाली स्कूली बसों के खिलाफ कार्रवाई करने, लंबे समय से खड़े लावारिस वाहनों का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा साप्ताहिक बाजारों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के आदेश भी जारी किए गए।
पुलिस कमिश्नर ने सभी मकान मालिकों को किराएदारों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने के लिए जागरूक करने तथा विभिन्न सेक्टरों और सोसाइटियों में संचालित पीजी (पेइंग गेस्ट) आवासों का व्यापक सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सत्यापन प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
बैठक के दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि सोसाइटियों और सेक्टरों के आसपास स्थित सुनसान एवं संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां नियमित पुलिस गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में नए सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने के लिए पुलिस कमिश्नर ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी करते हुए कहा कि संबंधित जोन के पुलिस उपायुक्त प्रत्येक माह एक बार, थाना प्रभारी प्रत्येक 15 दिन में एक बार तथा चौकी प्रभारी प्रत्येक सात दिन में एक बार आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ संवाद और गोष्ठी आयोजित करेंगे। इससे स्थानीय समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।
एक अनूठी पहल के तहत पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिया कि प्रत्येक पुलिस अधिकारी FONRWA एवं आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर एक-एक पार्क को गोद लेगा और उसके रखरखाव, सुरक्षा एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में सहयोग करेगा।
गोष्ठी के दौरान जनता से संवाद और व्यवहार को लेकर लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर भी बड़ी कार्रवाई की गई। आमजन की समस्याओं के प्रति उदासीन रवैया अपनाने और सही संवाद स्थापित न करने के आरोप में चौकी इंचार्ज सेक्टर-110 को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं थाना प्रभारी सेक्टर-49 को लाइन हाजिर किया गया।
इसके अतिरिक्त थाना प्रभारी फेस-2, थाना प्रभारी सेक्टर-24 तथा थाना प्रभारी सेक्टर-58 को जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित न करने पर कड़ी चेतावनी जारी की गई। वहीं हरिदर्शन चौकी के वर्तमान एवं पूर्व चौकी प्रभारी के खिलाफ प्रारंभिक जांच और विभागीय कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र, पुलिस उपायुक्त नोएडा जोन साद मियां खान, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह, प्रभारी डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र, प्रभारी डीसीपी साइबर शैव्या गोयल सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। FONRWA की ओर से अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा तथा विभिन्न सेक्टरों के आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने भाग लेकर क्षेत्रीय समस्याओं और सुझावों को पुलिस प्रशासन के समक्ष रखा।
गोष्ठी में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का संदेश स्पष्ट रहा कि जनता से बेहतर संवाद, त्वरित समस्या समाधान और जवाबदेह पुलिसिंग ही गौतमबुद्धनगर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।।
