रविवार, 7 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में अवैध शराब तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 106 पव्वे देशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में अवैध शराब तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 106 पव्वे देशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अंतर्गत थाना सेक्टर-39 पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 106 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 06 जून 2026 को थाना सेक्टर-39 पुलिस टीम लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रख रही थी। इसी दौरान सूचना के आधार पर सेक्टर-105 स्थित निर्माणाधीन मॉल के पास से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 106 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी की पहचान राजकुमार मंडल पुत्र नित्यानंद मंडल निवासी ग्राम हरिपुर कला, थाना भरगवां, जिला अररिया (बिहार) तथा वर्तमान निवासी सेक्टर-105, थाना सेक्टर-39, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई। आरोपी की उम्र लगभग 36 वर्ष बताई गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी क्षेत्र में अवैध रूप से शराब की तस्करी और बिक्री करने की गतिविधियों में संलिप्त था। बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी के तार किसी बड़े शराब तस्करी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।

इस संबंध में थाना सेक्टर-39 पुलिस ने मु0अ0सं0 260/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा की गई इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। अधिकारियों ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री या तस्करी की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।।