गौतमबुद्धनगर: राजेश पायलट की पुण्यतिथि पर धनपुरा में किसानों का महासम्मेलन, संगठन विस्तार के साथ उठीं जनपद की प्रमुख समस्याएं!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा (दादरी), 11 जून 2026। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं किसान हितैषी नेता राजेश पायलट की पुण्यतिथि के अवसर पर दादरी क्षेत्र के धनपुरा गांव में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की संगठन विस्तार बैठक एवं किसान पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, संगठन पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने भाग लेते हुए किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीर चर्चा की तथा संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजेश पायलट के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पांजलि अर्पित करके किया गया। उपस्थित किसानों और पदाधिकारियों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके किसान हितों के लिए किए गए संघर्ष, जनसेवा और बलिदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि राजेश पायलट का जीवन किसानों और आमजन के अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक रहा है, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए।
बैठक की अध्यक्षता जोगिंदर कसाना ने की, जबकि मंच संचालन संजय भाटी द्वारा किया गया। इस दौरान आगामी हरिद्वार चिंतन शिविर की तैयारियों को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई। साथ ही गौतम बुद्ध नगर जनपद के किसानों की लंबे समय से लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। किसानों ने 10 प्रतिशत प्लॉट आवंटन, आबादी निस्तारण, बढ़ी हुई बिजली दरों में राहत तथा गांवों के श्मशान घाटों की बाउंड्री निर्माण जैसे मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग की।
सभा के दौरान ग्रामीणों ने सभी अतिथियों और संगठन पदाधिकारियों का पुष्पमालाओं, पुष्पगुच्छों और संगठन का पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में उत्साह और एकजुटता का माहौल देखने को मिला।
संगठन विस्तार अभियान के तहत अभिषेक कसाना पुत्र सुनील कसाना ने भाकियू मंच छोड़कर भारतीय किसान यूनियन में अपनी आस्था व्यक्त की। इस अवसर पर दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी ने उन्हें जिला सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी। इसके अलावा अमन सरपंच, पवन कसाना, रवि कुमार, धर्मेंद्र कुमार, टिंकू सैनी सहित कई लोगों ने चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत के सिद्धांतों में विश्वास जताते हुए संगठन की सदस्यता ग्रहण की।
बैठक को संबोधित करते हुए गौतम बुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ लड़ रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हरिद्वार चिंतन शिविर के उपरांत जनपद के किसानों की समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों से वार्ता की जाएगी और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
अशोक भाटी ने कहा कि संगठन केवल आंदोलन तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों की हर छोटी-बड़ी समस्या के समाधान के लिए निरंतर सक्रिय रहता है। उन्होंने किसानों से अधिक संख्या में हरिद्वार चिंतन शिविर में पहुंचने का आह्वान करते हुए बताया कि वहां "टिकैत रसोई" के माध्यम से सभी किसानों के भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि किसानों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और संगठित होकर ही उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूती मिल सकती है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से गौतम बुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी, अनिल खारी, संजय फौजी, महिपाल भाटी, अरुण भाटी, अनूप नागर, मनवीर भाटी, श्री पहलवान, लाल सिंह कसाना, राजेश कुमार शर्मा, चमन भाटी, नरेश मुखिया, ओमवीर कसाना, अजीत कसाना, प्रियांशु कसाना एवं दीपक कसाना सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामवासी उपस्थित रहे।
किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगा और जरूरत पड़ने पर व्यापक आंदोलन की रणनीति भी बनाई जाएगी। धनपुरा में आयोजित यह बैठक न केवल संगठन विस्तार का माध्यम बनी, बल्कि किसानों की एकजुटता और उनके अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता का भी सशक्त संदेश देकर संपन्न हुई।।
