गौतमबुद्धनगर: चाची की फोटो को पत्नी बताकर पासपोर्ट में लगाया, धमकाकर जेवर भी हड़पे; नोएडा पुलिस ने वांछित आरोपी को दबोचा!!
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने एक ऐसे वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिस पर अपनी ही रिश्तेदार महिला (चाची) की तस्वीर का फर्जी तरीके से इस्तेमाल कर उसे पासपोर्ट में पत्नी के रूप में दर्शाने, फोटो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर जेवरात हड़पने का गंभीर आरोप है। पुलिस ने आरोपी को सेक्टर-37 बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाना सेक्टर-39 में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि आरोपी सुल्तान ने उसकी तस्वीर का दुरुपयोग करते हुए अपने पासपोर्ट में उसे पत्नी के रूप में दर्शाया। इतना ही नहीं, आरोपी ने फोटो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर उसके जेवरात भी अपने कब्जे में ले लिए। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
गुरुवार को थाना सेक्टर-39 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी सुल्तान पुत्र कुरैश अहमद को सेक्टर-37 बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से गोपालगंज, बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में नोएडा के सलारपुर क्षेत्र में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-39 में दर्ज मुकदमा संख्या 494/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12-बी के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध और पहचान संबंधी धोखाधड़ी के मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
नोएडा पुलिस की इस कार्रवाई को महिलाओं की सुरक्षा और पहचान संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।।
