शुक्रवार, 5 जून 2026

गैंगस्टरों पर गौतमबुद्धनगर पुलिस का बड़ा प्रहार: 340 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त, 1037 अपराधियों पर कार्रवाई!!

शेयर करें:
गैंगस्टरों पर गौतमबुद्धनगर पुलिस का बड़ा प्रहार: 340 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त, 1037 अपराधियों पर कार्रवाई!!
 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने संगठित अपराध, भूमाफियाओं और माफिया गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई कार्रवाई में अब तक 340 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की अवैध संपत्तियां जब्त की गई हैं।

कमिश्नरेट पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 दिसंबर 2022 से 31 मई 2026 तक उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत कुल 198 मुकदमे दर्ज किए गए और 1037 अभियुक्तों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त करने की कार्रवाई भी की। इस अवधि में कुल 340 करोड़ 41 लाख 19 हजार 657 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई, जो अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क पर बड़ी चोट मानी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई केवल अपराधियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके अवैध आर्थिक साम्राज्य को ध्वस्त करने की रणनीति का हिस्सा है। भूमि कब्जा, अवैध वसूली, धोखाधड़ी तथा अन्य संगठित अपराधों से अर्जित संपत्तियों को जब्त कर अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ी जा रही है।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस का मानना है कि अपराधियों के आर्थिक स्रोतों पर लगातार प्रहार से कानून का भय स्थापित हुआ है और आमजन में सुरक्षा व पुलिस व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी संगठित अपराध, माफिया गतिविधियों और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जनपद को अपराध मुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।