गौतमबुद्धनगर: मिशन शक्ति अभियान के तहत जारचा में जागरूकता कार्यक्रम, महिलाओं और बच्चों को साइबर सुरक्षा व कानूनी अधिकारों की दी गई जानकारी!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने तथा उन्हें सामाजिक एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा संचालित "मिशन शक्ति अभियान-5.0" के द्वितीय चरण के अंतर्गत थाना जारचा क्षेत्र में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों और उनके अभिभावकों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा, अधिकारों और आत्मरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा डीसीपी एवं एडीसीपी ग्रेटर नोएडा के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व एसीपी-2 ग्रेटर नोएडा श्रीमती प्रशाली गंगवार ने किया। थाना जारचा की मिशन शक्ति टीम ने विद्यालय स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं, बालिकाओं और अभिभावकों को विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। प्रतिभागियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने, अजनबियों से ऑनलाइन संपर्क के दौरान सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अलावा बच्चों को "गुड टच और बैड टच" की पहचान के बारे में संवेदनशील तरीके से जागरूक किया गया। बालिकाओं को यौन अपराधों से बचाव, आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने और किसी भी प्रकार की प्रताड़ना या उत्पीड़न की स्थिति में बिना डर सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। घरेलू हिंसा से संबंधित कानूनी प्रावधानों और महिलाओं को उपलब्ध संवैधानिक अधिकारों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें और उनके व्यवहार में आने वाले बदलावों पर ध्यान दें, ताकि किसी भी समस्या की समय रहते पहचान की जा सके। बच्चों को सुरक्षित माहौल प्रदान करने में परिवार और समाज की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। विशेष रूप से मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित महिलाओं और बालिकाओं के कल्याण एवं सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया, ताकि पात्र परिवार इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया। प्रतिभागियों को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में महिला हेल्पलाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला सहायता हेल्पलाइन 181 पर तत्काल संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही साइबर पोर्टल www.cyberpolice.uppolice.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि महिलाओं और बच्चों को पहले से जागरूक और सशक्त बनाकर अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित करना है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में सुरक्षा, विश्वास और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान के तहत भविष्य में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाता रहेगा।।
