गौतमबुद्धनगर: टेस्ट ड्राइव के बहाने स्कॉर्पियो हड़पने वाला शातिर गिरफ्तार, कार और अवैध तमंचा बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा में टेस्ट ड्राइव के बहाने स्कॉर्पियो कार हड़पने वाले एक शातिर अपराधी को थाना बीटा-2 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वादी की स्कॉर्पियो कार के साथ एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर के विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सोनू पुत्र जतनपाल निवासी अलीनगर, थाना जहांगीराबाद, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। बताया गया है कि आरोपी बेहद शातिर किस्म का अपराधी है, जो लोगों का विश्वास जीतकर टेस्ट ड्राइव के बहाने वाहन लेकर फरार हो जाता था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अपने पास अवैध हथियार भी रखता था।
थाना बीटा-2 पुलिस के मुताबिक, 10 जून 2026 को आरोपी ने वादी से स्कॉर्पियो कार की टेस्ट ड्राइव करने की बात कही। कुछ दूरी तक वाहन चलाने के बाद वह कार लेकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
इसी क्रम में 13 जून 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जतन भाटी गोलचक्कर के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से वादी की स्कॉर्पियो कार तथा एक .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ वाहन चोरी, चोरी की संपत्ति रखने, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। गौतमबुद्धनगर के दादरी, नॉलेज पार्क, इकोटेक-1 और बीटा-2 थानों के अलावा बुलंदशहर के जहांगीराबाद और खुर्जा नगर थानों में भी उसका आपराधिक इतिहास दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 208/2026 के तहत धारा 316(2) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे शातिर अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।।
