शनिवार, 13 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस का बड़ा खुलासा: दो वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की 11 मोटरसाइकिल और अवैध तमंचा बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस का बड़ा खुलासा: दो वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की 11 मोटरसाइकिल और अवैध तमंचा बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। थाना सेक्टर-20 पुलिस की इस कार्रवाई में चोरी की 11 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जबकि एक आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस की इस कार्रवाई को कमिश्नरेट की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 जून 2026 को थाना सेक्टर-20 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-28 क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू हलदर पुत्र मधू हलदार निवासी ग्राम छलेरा, सेक्टर-44, थाना सेक्टर-39, गौतमबुद्धनगर तथा नाजिम पुत्र छोटे लाल उर्फ ननकू उर्फ बाबा जी निवासी ग्राम तकिया धर्मपुर, थाना माधवगंज, जनपद हरदोई (वर्तमान पता ग्राम छलेरा, सेक्टर-44, थाना सेक्टर-39, गौतमबुद्धनगर) के रूप में हुई है।

पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की 11 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें से कई वाहन दिल्ली और गौतमबुद्धनगर से चोरी किए गए थे। बरामद मोटरसाइकिलों में यामाहा, हीरो, पल्सर, टीवीएस और बजाज कंपनियों के वाहन शामिल हैं। इनमें से कुछ वाहनों के संबंध में दिल्ली के ज्योति नगर, न्यू अशोक नगर, बदरपुर और समयपुर बादली थानों में मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सोनू हलदर के कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-20 में मु0अ0सं0 218/2026 के तहत धारा 317(2), 317(5) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।

जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। सोनू हलदर के खिलाफ चोरी, अवैध हथियार रखने और आबकारी अधिनियम से जुड़े मामले दर्ज हैं, जबकि नाजिम के विरुद्ध वाहन चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे पहले से पंजीकृत हैं।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे में मदद मिली है, बल्कि अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह की गतिविधियों पर भी प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी के अन्य मामलों और गिरोह से जुड़े संभावित सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।।